मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के तहत सड़क निर्माण, शासकीय आवास और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए कुल 20.79 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ तेजी से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार सड़क, आवास और जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आम जनता को बेहतर आवागमन और आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।


🔹 टनकपुर और चम्पावत में आवास व भवन निर्माण को मंजूरी

जनपद चम्पावत के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के लिए टाइप-5 आवास निर्माण हेतु 1.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के नागरिक सुरक्षा कार्यालय भवन निर्माण के लिए 2.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।


🔹 विभिन्न जिलों में सड़क व मोटर मार्ग कार्यों को मंजूरी

जनपद टिहरी गढ़वाल में कमान्द-थौलधार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार के लिए 3.52 करोड़ रुपये, बागेश्वर में बिनातोली से गरकोट मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 4.01 करोड़ रुपये और पौड़ी गढ़वाल में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य के लिए 2.22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।


🔹 पैदल मार्ग, कॉरिडोर और अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी

नैनीताल में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के सुधार कार्य के लिए 4.01 करोड़ रुपये, देहरादून में लच्छीवाला से रायपुर तक 4 लेन एक्सेस कॉरिडोर के लिए 1.03 करोड़ रुपये और पौड़ी में बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग के सुधार कार्य के लिए 3.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।


🔹 सार्वजनिक सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान

चमोली, उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय सुविधाओं के निर्माण हेतु 66.02 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

By Simran

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *